नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र अगले 24 घंटे में गहरे दबाव में तब्दील हो सकते हैं। खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों के तटवर्ती इलाकों में 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। इस आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मॉनसून के अगले हफ्ते तक देश के अन्य हिस्सों से वापस लौटने की संभावना नहीं है। नरसापुर और विशाखापटनम के बीच आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट को 12 अक्टूबर की रात को पार कर सकता है. फिलहाल यह पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के अलावा इसकी वजह से उत्तर कर्नाटक के भीतरी भाग, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और ओडिशा में 13 अक्टूबर को बारिश हो सकती है।
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा, वर्तमान दबाव के चलते दक्षिण पश्चिम मॉनसून के अगले हफ्ते तक वापसी के कम आसार हैं। वहीं, सभी मछुआरों के अगले हफ्ते तक समुद्र तट पर जाने पर रोक लगाई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दक्षिणी ओडिशा में 45-55 किलोमीटर की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। बता दें, इस वर्ष देश में लगातार दूसरे साल सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है।
Post Views:
114