लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के सामने एक महिला ने आत्महत्या करने की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि महिला घरेलू हिंसा से परेशान थी। विवाहिता ने विधानसभा के बाहर खुद को आग के हवाले कर दिया था। मौके पर मौजूद पुलिस ने आग बुझाकर महिला को फौरन सिविल अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया है।
फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि महिला महाराजगंज की रहने वाली है। महिला की पहली शादी नाकाम रही और तलाक हो गया था। इसके बाद महिला ने अपने एक प्रेमी के साथ दूसरी शादी की थी। इसके बाद रोज़गार के सिलसिले में युवक सऊदी अरब चला गया। महिला की शिकायत है कि उसके ससुराल वाले उसके साथ दुर्व्यवहार करते हैं और उसे ससुराल में रहने नहीं देते।
महिला के मुताबिक, वह एक दिन पहले महाराजगंज के क्षेत्रीय थाने में भी गई थी। उसने पुलिस से गुहार लगाई कि वह उसे उसकी ससुराल पहुंचा दें, लेकिन पुलिस ने महिला को अदालत जाने को कहा। चूंकि यह घरेलू हिंसा का मामला है।
महिला ने पुलिस से कहा कि वह यहां अकेली है, उसके पति विदेश में रहते हैं। लिहाजा पुलिस उसकी मदद करे। इस पर पुलिस ने महिला को निकाहनामा मांगा, लेकिन महिला निकाहनामा दिखा नहीं पाई। इसके बाद लखनऊ आकर महिला ने मंगलवार को विधानसभा के बाहर खुद को आग के हवाले कर दिया। आनन-फानन में पुलिस द्वारा आग बुझाई गई औ महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Post Views:
144